राजसमंद जिले में उत्तर पश्चिम रेलवे की नाथद्वारा-देवगढ़ मदारिया आमान परिवर्तन परियोजना अंतिम चरण में पहुंच गई है। परियोजना के तहत जुलाई महीने में नाथद्वारा से रेलखंड पर नवीन रेलवे लाइन का गति परीक्षण किया जाएगा। इस दौरान विशेष ट्रेनों को लगभग 120 किलोमीटर प्रति घंटा अथवा उससे अधिक गति से संचालित किया जाएगा। उपमुख्य अभियंता प्रवीण यादव के अनुसार परीक्षण के दौरान रेलवे की ओर से सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं पूरी की जाएंगी। जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग भी समन्वय के साथ आमजन को जागरूक करने का कार्य करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि ट्रायल के दौरान ट्रेनों की गति सामान्य परिचालन से अधिक रहेगी, इसलिए रेलवे ट्रैक पार करना, ट्रैक के आसपास अनावश्यक रूप से रुकना या पशुओं को रेल लाइन के निकट चराना हादसे का कारण बन सकता है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे गति परीक्षण के दौरान रेलवे लाइन के आसपास विशेष सतर्कता बरतें, बच्चों और पशुओं को ट्रैक के पास न जाने दें और केवल अधिकृत सूचनाओं पर ही विश्वास करें। साथ ही ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और संबंधित विभागों को भी व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे कि परीक्षण सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।