नाथद्वारा में श्रीनाथजी मंदिर के तिलकायत की प्रेरणा एवं पालिका प्रशासन के सहयोग से नगर को प्लास्टिक मुक्त एवं जलाशयों को स्वच्छ बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को प्राचीन औरतों का झरना बावड़ी पर सफाई अभियान चलाया गया। यह अभियान प्लास्टिक मुक्त एवं जलाशय संरक्षण के तहत चल रहे तृतीय फॉलोअप का हिस्सा रहा। अभियान में श्रीनाथजी मंदिर की नागरिक सुविधा एवं सहयोग समिति के सदस्यों, नगर पालिका अधिकारियों, कर्मचारियों व जल संरक्षण समिति के प्रबुद्धजनों ने श्रमदान करते हुए बावड़ी से कचरा, प्लास्टिक की सामग्री बाहर निकालकर जलाशय को स्वच्छ बनाया। पालिका आयुक्त सौरभ कुमार जिंदल ने बताया कि जनसहयोग से इस प्रकार का अभियान चलाया गया है, जिसमें बावडिय़ों को कचरा व प्लास्टिक मुक्त किया जा रहा है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे फूलमाला व कचरा सार्वजनिक स्थानों या जलाशयों में न डालें और पालिका की कचरा गाड़ी में ही डालें और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। इस अवसर पर डॉ बीएल जाट, कोमल पालीवाल, प्रवीण सनाढ्य, बादल दवे, तन्मय पालीवाल सहित सामाजिक कार्यकर्ता और पालिकाकर्मी मौजूद रहे।