राजसमंद के नाथद्वारा पुलिस थाना सर्कल में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप लूट की योजना बना रहे 5 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, चाकू और तलवार सहित कई हथियार बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर भी शामिल हैं। सूचना पर दबिश दी थी पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने बताया कि अपराधियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे तीन दिवसीय विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। वृत्ताधिकारी शिप्रा राजावत के सुपरविजन में थानाधिकारी कमलेन्द्र सिंह मय टीम ने रात्रिकालीन गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर बिजनोल पेट्रोल पंप के पास दबिश दी। योजना बनाते पकड़े पुलिस को देखकर बदमाश मोटरसाइकिल छोड़कर झाड़ियों की ओर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर पांचों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाना स्वीकार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी हाशिम उर्फ मोहिद, मुकेश उर्फ फुग्गा, दिलशाद और चांद मोहम्मद अलग अलग थानों के हिस्ट्रीशीटर और कुख्यात अपराधी हैं इसके अलावा समीर खान भी शामिल है। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों और अवैध हथियारों के नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।