नाथद्वारा में पुलिस ने 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। श्रीनाथजी मंदिर थाना इंचार्ज विक्रम सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मुखबिर की सूचना पर श्रीनाथ कॉलोनी स्थित वन विभाग वाली गली, बाई का तालाब क्षेत्र में एक मकान पर दबिश दी। तलाशी लेने पर वहां से 2 किलो 697 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान गांजा तस्करी में प्रयुक्त एक कार भी जब्त की गई। साथ ही मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त से प्राप्त 1970 कैश भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिए। पुलिस ने नारायणलाल(27) पुत्र भंवरलाल भील निवासी श्रीनाथ कॉलोनी, नाथद्वारा को गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जिससे तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले में अग्रिम अनुसंधान और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।