ट्रेन में लॉजिस्टिक कंपनी के कर्मचारी से 3 करोड़ रुपए के गहने (सोना) चोर उड़ा ले गए। हरियाणा के जाखल (फतेहाबाद) रेलवे स्टेशन पर वह ट्रेन से पानी पीने उतरा था। इसी दौरान यह वारदात हुई। वह दिल्ली से बठिंडा (पंजाब) जा रहा था। इस मामले में हरियाणा GRP और झुंझुनूं के नवलगढ़ पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे 2 करोड़ के गहने बरामद भी कर लिए गए हैं। ये गहने इन्होंने जमीन में गाड़ दिए थे। तीनों आरोपी नवलगढ़ इलाके के ही रहने वाले हैं। उधर, एक करोड़ के गहने अब भी नहीं मिले हैं। इसकी बरामदगी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पहले 2 तस्वीरें देखिए… अब सिलसिलेवार समझिए पूरा मामला... 1- दिल्ली से बठिंडा के लिए ट्रेन से रवाना हुआ नवलगढ़ थानाधिकारी (CI) अजय सिंह ने बताया- घटना 10 जून को लॉजिस्टिक कंपनी का कर्मचारी नरेंद्र सिंह दिल्ली से बठिंडा के लिए ट्रेन से रवाना हुआ था। उसके पास करीब 3 करोड़ रुपए के सोने के गहने थे। जब ट्रेन हरियाणा के जाखल रेलवे स्टेशन पर रुकी, तो नरेंद्र सिंह पानी लेने के लिए नीचे उतरा। आरोपी इसी ताक में थे। जैसे ही कर्मचारी सीट से हटा, बदमाश गहनों से भरा बैग लेकर रफूचक्कर हो गए। 2- पूर्व कर्मचारी को पता था सिक्योरिटी का पूरा सिस्टम मामला पुलिस के पास पहुंचा तो जांच तेज हुई। सामने आया कि गिरोह का सदस्य ऋषभ पहले उसी लॉजिस्टिक कंपनी में काम करता था। उसे गहनों की सप्लाई टाइमिंग, पैकिंग का तरीका और ट्रांसपोर्टेशन के पूरे सिस्टम की बारीक जानकारी थी। करीब 2 महीने तक उसने रेकी की थी। इसी का फायदा उठाकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी का पूरा प्लान तैयार किया। 3- झुंझुनूं के नवलगढ़ में दबिश पुलिस को इनपुट मिला था कि वारदात के बाद आरोपी नवलगढ़ (झुंझुनूं) आ चुके हैं। इसके बाद हरियाणा SIT और नवलगढ़ पुलिस ने जाल बिछाया। पुलिस ने 7 और 10 जुलाई को डेरावाली ढाणी (नवलगढ़) में दबिश दी। यहां से ऋषभ और गोविंद को गिरफ्तार किया। ये दोनों डेरावाली ढाणी के रहने वाले हैं। इसके बाद इनके तीसरे साथी बबलू को भी दबोच लिया गया। बबलू नवलगढ़ के नवलड़ी का रहने वाला है। 4- बंटवारा कर जमीन में गाड़ा सोना आरोप है कि ऋषभ, गोविंद और बबलू ने नवलगढ़ आने के बाद गहनों को आपस में बांट लिया था। पकड़े जाने के डर से उन्होंने कल्याणपुरा (नवलगढ़) के तालाब के पास स्थित मंदिर के निकट जमीन में गड्ढा खोदकर गहने छिपा दिए थे। इन गहनों को पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस फरार आरोपियों और शेष बचे करीब 1 करोड़ रुपए के सोने के गहनों को बरामद करने के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।