राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की नीट यूजी- 2026 परीक्षा अलवर में रविवार को 25 सेंटरों पर होगी। अलवर में कुल 25 केंद्रों पर 9 हजार 558 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड हैं। जिनमें बेटों की तुलना में बेटियों की संख्या अधिक है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश सुबह 11 से दोपहर 1:30 बजे तक दिया जाएगा। सब परीक्षा केंद्रों पर बिजली गुल होने की स्थिति से निबटने के लिए जनरेटर लगाए हैं। ताकि किसी भी कारण बिजली जाए तो तुरंत पंखे व लाइट चालू की जा सकें। वैसे भी इस समय मौसम विभाग की चेतावनी है। लू व अंधड़ आने का डर है। एडीएम बीना महावर ने बताया कि अधिकतर एग्जाम सेंटर पर पानी व लाइट का पूरा इंतजाम किया गया है। पिछली बार नीट परीक्षा में सीकर सहित कई जगहों पर आंधी में लाइट चली गई थी। अंधेरे में एग्जाम देना पड़ गया था। अलवर में 6 फ्लाइंग टीम तैनात अलवर में अलवर शहर, राजगढ़, रामगढ़ व मालाखेड़ा पर एग्जाम सेंटर बनाए हैं। जिला नोडल अधिकारी व एडीएम सिटी बीना महावर ने बताया कि परीक्षा के दौरान नकल रोकने के लिए 6 फ्लाइंग टीम बनाई हैं। इसमें आरएएस व आरपीएस अधिकारियों को लगाया गया है। प्रत्येक सेंटर पर तहसीलदार व नायब तहसीलदार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट बनाया गया है।