अलवर में रविवार को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की नीट यूजी-2026 परीक्षा में कई सेंटर पर अभ्यर्थियों को जूतों के साथ एंट्री पर रोक लगा दी। उनके हाथों में पहने हुए डोरे तक कटवा दिए और पेंट-शर्ट पर लगे मेटल के बटनों को भी काट दिया गया। यहां तक की बाहर से पेन भी अंदर ले जाने नहीं दिया गया। परीक्षा के दौरान अधिकतर अभ्यर्थियों के साथ अभिभावक आए, जिसके कारण एग्जाम सेंटर के बाहर भारी भीड़ देखने को मिली। अलवर जिले में कुल 25 केंद्रों पर 9,558 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड हैं, जिनमें लड़कियों की संख्या लड़कों से ज्यादा हैं। अलवर की बाबू शोभाराम राजकीय कला कॉलेज के बाहर वाहनों की लंबी कतारों से जाम के हालत बने रहे। वहीं शिवाजी पार्क सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बाहर भी लंबी लाइन रही। अभ्यर्थियों को फोटो और आधार कार्ड अंदर ले जाने दिया गया, जबकि पेन भी अंदर ही मिला। अंदर घुसते ही पहले प्रवेश पत्र,फोटो और आधार कार्ड देखा गया। उसके बाद बायोमेट्रिक्स करने के बाद प्रवेश मिला। पहले देखिए, कुछ PHOTO'S सुबह 11 बजे से परीक्षा केंद्रों में हुआ प्रवेश एग्जाम सेंटर पर सुबह 11 बजे से प्रवेश देना शुरू किया गया। हालांकि, अधिकतर अभ्यर्थी साढ़े 11 बजे तक सेंटर पर पहुंच गए। वैसे दोपहर डेढ़ बजे तक प्रवेश दिया गया। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। बिजली और मौसम को लेकर विशेष तैयारी मौसम विभाग द्वारा लू और आंधी की चेतावनी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए प्रत्येक सेंटर पर जनरेटर लगाए गए हैं, ताकि पंखे और लाइट की व्यवस्था सुचारू बनी रहे। पानी और बिजली की पर्याप्त व्यवस्था एडीएम बीना महावर ने बताया कि अधिकांश परीक्षा केंद्रों पर पानी और बिजली की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। पिछले साल सीकर सहित कई स्थानों पर आंधी के कारण बिजली बाधित होने से अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था, जिसे देखते हुए इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है। नकल रोकने के लिए 6 फ्लाइंग टीमें तैनात जिले में अलवर शहर, राजगढ़, रामगढ़ और मालाखेड़ा में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के दौरान नकल पर रोक लगाने के लिए 6 फ्लाइंग टीमों का गठन किया गया है, जिनमें आरएएस और आरपीएस अधिकारियों को शामिल किया गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर तहसीलदार और नायब तहसीलदार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है, जो परीक्षा की निगरानी करेंगे।