कोटपूतली में जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 3 मई को होने वाली नीट परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ तैयारियों पर चर्चा की गई। जिला कलेक्टर ने बताया कि जिले में नीट परीक्षा का आयोजन कुल 19 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। छाया, पेयजल, प्राथमिक उपचार और एम्बुलेंस की व्यवस्था बैठक में परीक्षा केंद्रों पर गर्मी को देखते हुए उचित छाया, पेयजल, प्राथमिक उपचार, ओआरएस पैकेट और एम्बुलेंस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि अभ्यर्थियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। एनटीए की जीरो टॉलरेंस नीति लागू कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा नीट परीक्षा के दौरान जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या अनुचित गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर अनाधिकृत प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर जानकारी लीक होने पर तुरंत आपराधिक कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा कक्ष, परिवहन केंद्र या केंद्र सुरक्षा में चूक को गंभीर लापरवाही माना जाएगा। सोशल मीडिया पर पेपर लीक करने पर होगी एफआईआर यदि सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र सामग्री लीक करने या फैलाने की कोशिश की गई तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर साइबर अपराध के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने इस संबंध में सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। नीट परीक्षा के दिन परीक्षा केंद्रों के 300 मीटर के दायरे में ई-मित्र, फोटोकॉपी और साइबर कैफे जैसी दुकानें बंद रहेंगी। यह कदम परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए उठाया गया है। परिवहन और रूट चार्ट की विशेष व्यवस्था आरटीओ और डीटीओ को परीक्षा दिवस पर परिवहन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्रों के रूट चार्ट जारी कर प्रचार-प्रसार करने, साइन बोर्ड लगाने और दिशा संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से एडमिट कार्ड में दिए गए सभी निर्देशों का पालन करने और समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।