देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने अहम अपडेट जारी किया है। एजेंसी ने परीक्षा से पहले एग्जामिनेशन सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी कर दी है, जिससे करीब 24 लाख अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा शहर की जानकारी मिल गई है। एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बतयाा कि परीक्षा 3 मई 2026 (रविवार) को पेन-पेपर मोड में आयोजित की जाएगी। एनटीए ने 13 अप्रैल को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर नोटिफिकेशन जारी कर यह जानकारी दी। एनटीए ने स्पष्ट किया- ये एडमिट कार्ड नहीं केवल स्लिप है एनटीए ने स्पष्ट किया है कि जारी की गई सिटी इंटीमेशन स्लिप केवल परीक्षा शहर की जानकारी के लिए है। यह बच्चों के पेपर सिटी की जानकारी देती है कि किस शहर में उनका एग्जाम होना है। इसे एडमिट कार्ड समझने की गलती न करें। एडमिट कार्ड अलग से जल्द जारी किए जाएंगे, जिनमें परीक्षा केंद्र और अन्य जरूरी निर्देश दिए जाएंगे। अभ्यर्थी अपने एप्लीकेशन नंबर और जन्म तिथि की मदद से स्लिप डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद सभी विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करना जरूरी है। गड़बड़ी हो तो तुरंत करें संपर्क अगर किसी भी प्रकार की गलती या समस्या सामने आती है, तो अभ्यर्थी एनटीए को neetug2026@nta.ac.in पर ई-मेल कर सकते हैं। परीक्षा शहर की जानकारी मिलने के बाद अभ्यर्थियों को अब अपने परीक्षा शहर में जाने के लिए और ठहरने की व्यवस्था पहले से करने का अवसर मिल गया है, जिससे परीक्षा के दिन किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।