भास्कर संवाददाता | चूरू नीट पेपर लीक मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला जलाकर आक्रोश जताया तथा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष सुजानगढ़ विधायक मनोज मेघवाल की अगुवाई में हुए प्रदर्शन में सांसद राहुल कस्वां, तारानगर विधायक नरेंद्र बुडानिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने पेपर लीक प्रकरणों को लेकर भाजपा सरकार को घेरा। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रधान का पुतला फूंक कर उनके इस्तीफे की मांग की। इस मौके पर सांसद कस्वां ने नीट पेपर लीक को लेकर कहा कि स्टूडेंट्स के साथ बड़ा विश्वासघात हुआ है। कई परिवारों ने कर्ज लेकर अपने बच्चों को दो-तीन साल तक कोचिंग करवाई। स्टूडेंट्स ने भी दिन में 20-20 घंटे पढाई कर परीक्षा की तैयारी की, लेकिन सिस्टम की खामियों के कारण उनकी मेहनत व्यर्थ हो गई है और ऐसा कई बार हुआ है। ऐसी घटनाएं बार-बार भाजपा के शासनकाल में ही क्यों घटित होती है?। इस अवसर पर पीसीसी सचिव रियाजत खान, चूरू शहर ब्लॉक अध्यक्ष असलम खोखर, देहात ब्लॉक अध्यक्ष किशोर, पूर्व सभापति गोविंद महनसरिया, धर्मेंद्र बुडानिया, आदूराम न्यौल, मोहम्मद हुसैन निर्बाण, जमील चौहान, एडवोकेट रामेश्वर प्रजापति, मोहनलाल आर्य, आशाराम सैनी, रमजान खां, अबरार खां, प्रदीप तोदी, विद्याधर बेनीवाल, इदरीश गौरी, अमित मारोठिया, बजरंग सैन, हमीद खां रिसालदार, विमल शर्मा, संजय भाटी, योगेश ढाका, एडवोकेट अनीस खां, सोहनलाल मेघवाल आदि उपस्थित थे। जिलाध्यक्ष बोले- पेपर लीक सुनियोजित सिंडिकेट है : जिलाध्यक्ष मेघवाल ने पेपर लीक मामले को एक सुनियोजित सिंडिकेट और बड़े नेताओं के इशारे पर चलने वाला खेल बताया। उन्होंने कहा कि हम इसकी उच्चस्तरीय जांच व दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग करते है। तारानगर विधायक बुडानिया ने कहा कि लाखों विद्यार्थियों की मेहनत, त्याग और सपने को इस भ्रष्ट भाजपाई व्यवस्था ने कुचल दिया है। यह सिर्फ केंद्र सरकार की नाकामी नहीं, युवाओं के भविष्य के साथ अपराध है।