भास्कर संवाददाता|टोंक राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से आयोजित होने वाली नीट परीक्षा 3 मई को होगी। परीक्षा समन्वयक एवं एडीएम रामरतन सौकरिया ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से कड़े इंतजाम किए हैं। एडीएम ने बताया कि परीक्षा को लेकर जिला मुख्यालय पर 10 परीक्षा केंद्र बनाए है। जिनमें 3240 परीक्षार्थी शामिल होंगे। दोपहर 2 से 5 बजे तक होने वाली परीक्षा को लेकर बनाए गए परीक्षा केंद्रों के 300 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हालांकि परीक्षार्थियों एवं ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों को इससे छूट दी गई है। परीक्षा केंद्रों के आसपास मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच जैसे इलेक्ट्रॉनिक संचार उपकरणों के उपयोग पर रोक रहेगी। साथ ही लाउडस्पीकर बजाने, शोर-शराबा करने जैसी गतिविधियों पर भी सख्त पाबंदी लागू की गई है, ताकि परीक्षा का माहौल शांतिपूर्ण बना रहे। परीक्षा की गोपनीयता और शुचिता बनाए रखने के लिए 300 मीटर के दायरे में स्थित सभी फोटोकॉपी मशीनें, साइबर कैफे और ई-मित्र केंद्र परीक्षा अवधि के दौरान बंद रहेंगे। इसके अतिरिक्त किसी भी व्यक्ति को क्षेत्र में घातक हथियार, लाठी या विस्फोटक सामग्री लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी और अनधिकृत वाहनों के खड़े होने पर भी प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से नियमों का पालन करने और समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है। उल्लेखनीय है कि जिले में होने वाली नीट परीक्षा में अधिकतर अभ्यर्थी जयपुर से आएंगे। जबकि टोंक जिले के अभ्यर्थियों को जयपुर व अन्य जिले आवंटित किए गए है।