बाड़मेर में रविवार को NEET-UG परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू हुई। जिले के 8 सरकारी परीक्षा केंद्रों पर कुल 3288 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। सुबह करीब 11 बजे से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लग गईं। कड़ी जांच और बायोमैट्रिक सत्यापन के बाद ही एंट्री दी गई। जबकि परीक्षा से करीब आधा घंटे पहले एंट्री बंद कर दी गई। 11 से 1:30 बजे तक एंट्री, बॉयज और गर्ल्स की अलग लाइनें परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक प्रवेश दिया गया। इसके बाद गेट बंद कर दिए गए। सभी केंद्रों पर बॉयज और गर्ल्स के लिए अलग-अलग कतारें लगाई गईं। अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और अटेंडेंस शीट के लिए अतिरिक्त फोटो लाना अनिवार्य रखा गया है। प्रशासन अलर्ट, प्रतिबंधित वस्तु पर सख्त कार्रवाई के निर्देश एडीएम राजेंद्र सिंह चांदावत ने बताया कि एनटीए ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई अभ्यर्थी प्रतिबंधित वस्तु के साथ पाया जाता है तो उसे अनुचित साधनों का प्रयोग माना जाएगा और उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा की निगरानी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के तहत की जा रही है। परीक्षा हॉल में ये चीजें पूरी तरह प्रतिबंधित एनटीए के दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा हॉल में स्टेशनरी, ज्योमेट्री बॉक्स, पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, कैलकुलेटर, स्केल, राइटिंग पैड, पेन ड्राइव, इरेजर, लॉग टेबल, इलेक्ट्रॉनिक पेन, स्कैनर और मोबाइल फोन सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित हैं। इसके अलावा ब्लूटूथ, ईयरफोन, माइक्रोफोन, पेजर, हेल्थ बैंड, वॉलेट, बैग, बेल्ट, टोपी, घड़ी, आभूषण, धातु की वस्तुएं और पारदर्शी पानी की बोतल को छोड़कर अन्य खाने-पीने की वस्तुएं भी परीक्षा केंद्र में ले जाना मना है। समय से पहले बाहर जाना और 300 मीटर क्षेत्र में दुकानें बंद किसी भी स्तर पर प्रश्नपत्र लीक होने या जानकारी साझा होने पर तत्काल आपराधिक कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्र की सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक को गंभीर लापरवाही माना जाएगा। समय से पहले परीक्षा केंद्र से बाहर जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। वहीं, परीक्षा के दिन केंद्रों के 300 मीटर के दायरे में ई-मित्र, फोटो कॉपी और साइबर कैफे जैसी दुकानें बंद रखी गई हैं।