कोटा में प्रेम विवाह की रंजिश में घर में घुसकर दंपति पर तलवार से जानलेवा हमला करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी तेजस्विनी गौतम के निर्देश पर आरकेपुरम थाना पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपियों में रूद्रप्रताप सिंह (20 वर्ष),भानुप्रताप सिंह (27 वर्ष),रुपेन्द्र सिंह उर्फ दीपक (21 वर्ष),धीरज सिंह (51 वर्ष),मान कंवर (45 वर्ष),लोकेश मीणा (21 वर्ष) का नाम शामिल है। घटना 8 अप्रैल की रात करीब 9:54 बजे की है, जब रोझड़ी स्थित गणपति विहार में रहने वाले विक्की भगत के घर का मुख्य दरवाजा खुला था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले आरोपी जबरन घर में घुस आए और विक्की भगत को बाहर खींचकर लाठी, पाइप और तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में रूद्रप्रताप सिंह ने तलवार से सिर पर वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। जब विक्की भगत की पत्नी पूजा भगत बीच-बचाव करने आईं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी बेरहमी से मारपीट की। उन्हें बाल पकड़कर जमीन पर गिराया गया और तलवार से हमला कर घायल कर दिया गया। प्रेम विवाह के कारण बदमाशों ने किया था हमला घटना के दौरान पीड़िता तनिषा भगत ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन जाते समय उन्होंने ई-रिक्शा को भी नुकसान पहुंचाया और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया, जो प्रेम विवाह के कारण उत्पन्न हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस घटना में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी और अन्य कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। ------------ मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… लव मैरिज के बाद तलवार-सरियों से हमला; VIDEO:घर से खींचकर लड़के के माता-पिता को लहूलुहान किया, लड़की बोली- मेरी जान को खतरा बेटी का पड़ोसी लड़के के साथ लव मैरिज करना इतना नागवार गुजरा कि तलवार और सरिया लेकर हमला बोल दिया। लड़के के माता-पिता को घर से खींचकर लहूलुहान कर दिया।(पूरी खबर पढ़ें…)