भास्कर संवाददाता | पाली वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण जिले में मंगलवार देर रात तक बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी रहा। इसका असर रात के तापमान पर दिखाई दिया और पारा एक ही दिन में करीब 7 डिग्री गिर गया। मंगलवार रात का तापमान 25 डिग्री था, जो बुधवार को 18.8 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं अधिकतम तापमान भी 33.5 डिग्री से घटकर 33 डिग्री हो गया। दिन के समय भी गर्मी का अहसास नहीं हुआ और शाम को तेज हवाओं ने ठंडक बढ़ा दी। मौसम विभाग के अनुसार, 9 अप्रैल से अगले चार-पांच दिन मौसम साफ रहेगा और दिन में धूप तेज होने के साथ तापमान में वृद्धि होगी। अप्रैल के आखिरी दो हफ्तों में पारा बढ़ने के साथ गर्मी बढ़ने की संभावना है। इस बार मई-जून में अच्छी गर्मी के आसार हैं। मौसम में अचानक बदलाव के कारण दिन और रात के तापमान में करीब 15 डिग्री का अंतर रहा, जिससे रात में ठंडक का अहसास हुआ। अगले एक-दो दिन रात का मौसम इसी तरह ठंडा रहने की संभावना है।