निवाई में अखिल भारतीय हरियाणा गौड़ ब्राह्मण महासभा, जयपुर की ओर से 1 मई 2026 (पीपल पूर्णिमा) को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में अलियाबाद मोड़ स्थित छात्रावास परिसर में एक परिचर्चा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिरधी चंद बंबाला ने की, जिसमें आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान समाज के भामाशाहों और पदाधिकारियों ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए उपहार और नगद सहयोग की घोषणाएं भी कीं। आयोजकों के अनुसार अब तक करीब 17 जोड़ों का पंजीयन किया जा चुका है और आने वाले दिनों में इसमें और बढ़ोतरी की संभावना है। फिजूलखर्ची-दहेज प्रथा खत्म करने का मकसद महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री सीताराम अलियाबाद ने बताया कि पिछले चार वर्षों में आयोजित सफल कार्यक्रमों के कारण महासभा के बैंक खाते में करीब एक करोड़ रुपये की बचत राशि जमा हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज में बढ़ती फिजूलखर्ची पर रोक लगाना, दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करना और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं और सर्वधर्म समभाव का सकारात्मक संदेश भी देते हैं। बैठक में समाज के भामाशाहों, वरिष्ठजनों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने सम्मेलन को सफल और यादगार बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए और आयोजन में सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिलाया। पदाधिकारियों ने की अधिक भागीदारी की अपील महासभा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. शंभू लाल कुईवाले ने बैठक में उपस्थित सभी समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से सम्मेलन में भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की। इस अवसर पर हनुमान नायला, सुभाष, रामनारायण कांजला, बद्रीनारायण सुरिया, गोपी लाल, बजरंग लाल बोहरा, मोहन जयसिंहपुरा और अर्जुन चैनपुरा सहित कई पदाधिकारी और समाजबंधु मौजूद रहे।