बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के बाद भारतीय किसान संघ ने राहत की मांग की है। संघ के पदाधिकारियों ने नोहर में नायब तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इसमें तुरंत गिरदावरी करवाने और प्रभावित किसानों को राहत पैकेज देने की मांग की गई है। नोहर के कई गांवों में ओलावृष्टि से फसलों को खासा नुकसान हुआ है। किसानों का कहना है कि हाल ही में हुई ओलावृष्टि और बरसात से गेहूं सहित अन्य रबी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। कई जगह खड़ी फसलें गिर गई हैं, जबकि कटकर खेतों में पड़ी फसल भीगकर खराब हो रही है। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में मांग की गई है कि फसल नुकसान का जल्द सर्वे कर सही आकलन किया जाए और प्रभावित किसानों को तुरंत राहत प्रदान की जाए। इसके साथ ही, जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है, उन्हें अधिकतम क्लेम दिलवाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। किसान संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते राहत नहीं मिली तो किसानों की आर्थिक स्थिति और खराब हो सकती है। उन्होंने सरकार से संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत कदम उठाने का आग्रह किया। इस दौरान भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सिहाग, महामंत्री पृथ्वी सिंह, प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष गंगाराम बेनीवाल, जिला कार्यकारिणी सदस्य प्रेम गोदारा और खुईयां अध्यक्ष बेगराज शर्मा सहित कई किसान मौजूद रहे।