भारतीय किसान संघ की मासिक बैठक नोहर के कृषक विश्राम गृह में संपन्न हुई। इस बैठक में किसानों और संघ से संबंधित विभिन्न प्रस्ताव पारित किए गए। इसके बाद संघ के पदाधिकारियों ने एसडीएम राहुल श्रीवास्तव को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने से पहले भारतीय किसान संघ ने नोहर एमएसपी खरीद केंद्र पर चना और सरसों की सुव्यवस्थित खरीद के लिए एसडीएम को धन्यवाद दिया और उन्हें सम्मानित भी किया। ज्ञापन में प्रमुख मांगों में नोहर गेहूं खरीद केंद्र पर गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर 5 लाख बैग करने की मांग शामिल थी। इसके अलावा किसानों के खातों में बकाया फसल बीमा क्लेम जमा करने की भी मांग की गई। संघ ने गांव दुर्जाना, मालिया सहित नोहर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुचारू ढंग से सुनिश्चित करने की भी मांग की। इस अवसर पर भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सिहाग, जिला प्रतिनिधि प्रेम गोदारा, तहसील महामंत्री पृथ्वीसिंह सहू, गंगाराम बेनीवाल, प्रताप सिंह सहारण और हनुमान सहू मौजूद रहे।