नोखा में गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न मंदिरों में दिनभर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बजरंगबली के चरणों में नमन किया। महाआरती के साथ कार्यक्रमों की शुरूआत श्री आशीर्वाद बालाजी धाम में चैत्र शुक्ल पूर्णिमा के अवसर पर महाआरती के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। इसके बाद सुंदरकांड पाठ और महाजोत का आयोजन किया गया। महाजोत के समय सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन किए और भजन-कीर्तन में भाग लिया। श्रद्धालुओं ने लगाया भोग कई श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने पर विशेष प्रसाद और स्वामणी का भोग लगाया। इसके बाद भी मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन जारी रहा, जिसमें भक्तों ने फेरियां लगाकर हनुमानजी से अपने संकट दूर करने की प्रार्थना की। हनुमान चालीसा का हुआ पाठ वहीं, श्री संकट मोचन हनुमान भक्त मंडली नोखा की ओर से तहसील परिसर स्थित अंकेश्वर महादेव मंदिर में श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ हनुमान जन्मोत्सव मनाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर भगवान से सुख-समृद्धि की कामना की। प्रसादी का किया वितरण कार्यक्रम में पुजारी लालचंद उपाध्याय के सान्निध्य में बाबा की पावन जोत की गई और अंत में प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर भाजपा नेता नरेंद्र राजपुरोहित सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।