पंचायती राज चुनाव के चौथे चरण की चुनावी प्रक्रिया शनिवार से शुरू होगी। जिला मुख्यालय के डाक बंगला के समीप एपीआरटी केंद्र पर शनिवार से टोंक पंचायत समिति के लिए नामांकन भरे जाएंगे। इसी प्रकार निवाई, टोडारायसिंह पंचायत समिति मुख्यालयों पर नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। चौथे चरण में टोंक, निवाई, टोडा के साथ मालपुरा आंशिक क्षेत्र में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य, वार्ड पंच और सरपंच पदों के लिए चुनाव होंगे। निर्वाचन विभाग के अनुसार चौथे चरण के लिए 31 अक्टूबर से नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। नामांकन की अंतिम तिथि 4 नवंबर निर्धारित है। नामांकन पत्रों की जांच 5 नवंबर और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 6 नवंबर को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद चुनाव प्रचार जोर पकड़ेगा। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए चौथे चरण का मतदान 14 नवंबर को होगा। वहीं, पंच-सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। इसके अगले दिन उपसरपंच का चुनाव होगा। जिले में होने वाले दोनों चरणों के डीआर, सीआर के परिणाम 20 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। जबकि पंच, सरपंच एवं उप सरपंच के चुनाव मतगणना के बाद ही घोषित होंगे। निर्वाचन विभाग के अनुसार चौथे चरण की नामांकन प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि जिले में तीसरे एवं चौथे चरण में चुनाव होना है। दोनों चरणों में 31 जिला परिषद सीटों में से 30 पर चुनाव होंगे। वार्ड नंबर 4 में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुका है। इसी प्रकार 8 पंचायत समितियों के 160 वार्डों के लिए चुनाव के साथ ही 282 सरपंच भी चुने जाएंगे। गत चुनाव की तुलना में इस बार चुनाव का दायरा बढ़ा है तथा नए परिसीमन के आधार पर चुनाव होने हैं। चौथे चरण में जिला परिषद के 13 निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए निवाई के सभी 29, टोंक के सभी 17 और टोडारायसिंह के सभी 19 सीआर वार्डों में चुनाव होंगे। मालपुरा पंचायत समिति के वार्ड 1 से 9 तक चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा होंगे। इस प्रकार चौथे चरण में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए कुल 75 वार्डों में चुनाव होंगे। पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण के लिए देवली, मालपुरा आंशिक, पचेवर, पीपलू और उनियारा पंचायत समितियों में चुनाव होंगे। इन पंचायत समितियों की 95 सीटों के लिए कुल 301 उम्मीदवार मैदान में हैं। देवली की 25 सीटों पर 81, मालपुरा की 15 सीटों पर 46, पचेवर की 15 सीटों पर 45, पीपलू की 17 सीटों पर 58 और उनियारा की 23 सीटों पर 71 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इन पदों के लिए 3 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान दल 2 नवंबर को रवाना होंगे।