ब्यावर| नगर परिषद की स्वास्थ्य शाखा का प्रभार संभालने के बाद नए स्वास्थ्य अधिकारी गणपत राम कस्वां ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नई कार्य योजना लागू कर दी है। शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए कर्मचारियों को नए निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था की निगरानी अब नियमित रूप से फील्ड स्तर पर होगी और शिकायतों के त्वरित समाधान पर विशेष जोर रहेगा। सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्य की निगरानी के लिए स्वास्थ्य अधिकारी प्रतिदिन हाजिरी रजिस्टर की समीक्षा करेंगे। सड़कों पर घूम रहे हिंसक नंदियों को पकड़कर शहर से बाहर सरकारी चरागाह भूमि में छोड़ा जाएगा। अभियान के पहले दिन 10 नंदियों को पकड़ा गया। शनिवार को छुट्‌टी नहीं: सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी 22 जमादारों को निर्देश दिए गए हैं कि अत्यंत आवश्यक स्थिति को छोड़कर शनिवार को अवकाश नहीं लें। इससे रविवार के बाद भी सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी। स्वास्थ्य शाखा ने तय किया है कि सफाई से जुड़ी शिकायतों का यथासंभव उसी दिन निस्तारण किया जाएगा। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं होगा, उन्हें अधिकतम तीन दिन के भीतर पूरा किया जाएगा।