देशभर में भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक के खिलाफ सोमवार (13 जुलाई) को जयपुर में छात्र सड़क पर उतरेंगे। राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) राजस्थान ने 'रन अगेंस्ट पेपर लीक' थीम पर 5 किलोमीटर की मैराथन का आयोजन किया है। इस मैराथन में NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ भी मौजूद रहेंगे। विनोद जाखड़ ने बताया- मैराथन सोमवार सुबह 5:30 बजे राजस्थान विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से शुरू होगी। यहां से प्रतिभागी दौड़ते हुए अल्बर्ट हॉल तक जाएंगे और फिर वापस राजस्थान विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर पहुंचकर मैराथन का समापन करेंगे। मैराथन को और अधिक उत्साहजनक बनाने के लिए टॉप 3 महिला और पुरुष कैटेगरी के विजेताओं को नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। यह केवल खेल नहीं, युवाओं के हक की लड़ाई है जाखड़ ने कहा कि इस मैराथन के जरिए देश में भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई जाएगी। पिछले कुछ सालों में पेपर लीक और अनियमितताओं की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। इससे सालों तक तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों का समय और मेहनत दोनों बर्बाद हो रहे हैं। ऐसे में यह मैराथन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि छात्रों की आवाज को बुलंद करने और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग का प्रतीक बनेगी। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग जाखड़ ने आगे कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकार और संबंधित एजेंसियों का ध्यान छात्रों की गंभीर समस्याओं की ओर आकर्षित करना है। जाखड़ ने मांग की कि भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए और पेपर लीक के मामलों में दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई की जाए। इसी मांग को लेकर कल हजारों की संख्या में युवा सड़क पर उतरेंगे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।