उत्तर-पश्चिम रेलवे में मुख्य रोलिंग स्टॉक इंजीनियर के पद पर कार्यरत शशि किरण का भारत सरकार के संयुक्त सचिव एम्पेनलमेंट पैनल में चयन हुआ है। वे भारतीय रेलवे मैकेनिकल इंजीनियरिंग सेवा (IRSME) 2002 बैच के अधिकारी हैं। साल 2026 के इस पैनल में शामिल होने वाले उत्तर-पश्चिम रेलवे के वे एकमात्र अधिकारी बने हैं। शशिकिरण लंबे समय से रेलवे में अलग-अलग जिम्मेदार पदों पर काम कर चुके हैं। प्रशासनिक और तकनीकी दोनों क्षेत्रों में अनुभव रखने वाले शशि किरण ने रेलवे के कई महत्वपूर्ण विभागों में सेवाएं दी हैं। उनके चयन को उत्तर-पश्चिम रेलवे के लिए अहम उपलब्धि माना जा रहा है। स्काउट-गाइड और सेना से भी जुड़ाव शशि किरण रेलवे में मुख्य परियोजना प्रबंधक/रोलिंग स्टॉक, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उप महाप्रबंधक/सामान्य, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर और वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर जैसे पदों पर काम कर चुके हैं। अलग-अलग जिम्मेदारियों के दौरान उन्हें रेलवे संचालन और प्रशासन का व्यापक अनुभव मिला। रेलवे सेवाओं के साथ-साथ शशि किरण स्काउट एंड गाइड गतिविधियों में भी सक्रिय हैं। वे उत्तर-पश्चिम रेलवे में स्टेट कमिश्नर के पद पर जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसके अलावा वे टेरिटोरियल आर्मी में भी सेवाएं दे चुके हैं। शशि किरण को उत्कृष्ट कार्यों के लिए दो बार रेल मंत्री स्तर पर राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा रेलवे के जोनल स्तर पर भी उन्हें कई सम्मान दिए गए हैं।