भास्कर संवाददाता | चूरू गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए समुचित पेयजल आपूर्ति को लेकर रविवार को कलेक्टर अभिषेक सुराणा के निर्देशन में उपखंड अधिकारियों, तहसीलदार, विकास अधिकारियों व पीएचईडी अधिकारियों ने गांवों में पेयजल पेयजल सप्लाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। पीएचईडी एसई चुन्नीलाल ने रतनगढ़ में शहरी जलापूर्ति व कार्यों का निरीक्षण किया। अधीक्षण अभियंता परियोजना रमेश कुमार राठी ने चूरू-बिसाऊ पेयजल परियोजना के कार्यों का अवलोकन किया। अभियान के दौरान जिले में हैंडपंपों, पंप हाउस, जल स्रोतों की कार्यशीलता की जांच की गई तथा खराब पाए गए हैंडपंपों, पाइपलाइन लीकेज आदि की मरम्मत की गई। अभियान के दूसरे दिन रविवार को चूरू जिले में विभिन्न पेयजल योजनाओं के माध्यम से जलापूर्ति, जल जीवन मिशन, अमृत योजना व ग्रीष्मकालीन कार्यों की स्थिति का आकलन किया गया। दो दिवसीय अभियान के दौरान जिलेभर में कुल 36 पेयजल परियोजनाओं का निरीक्षण किया गया तथा 62 ट्यूबवैल, हैंडपंप व लीकेज मरम्मत कार्य करवाए गए।