झालावाड़| जिले में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने आहू नदी के किनारे पत्थर का अवैध खनन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक ट्रैक्टर, कंप्रेशर मशीन और एक हाइड्रा मशीन जब्त की है। एसपी अमित कुमार ने बताया कि नदियों और पहाड़ों में खनन पर न्यायालय की रोक के बावजूद कुछ खनन माफिया अवैध खनन कर रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से आहू नदी क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसी सूचना के आधार पर बुधवार को कोतवाली पुलिस ने जिला स्पेशल टीम के सहयोग से लुहारिया ढाणी के आगे आहू नदी के किनारे दबिश दी। मौके पर पत्थर का अवैध खनन करते हुए शमशाद (28) निवासी लुहारिया ढाणी को गिरफ्तार किया। वहीं खनन कार्य में उपयोग किए जा रहे ट्रैक्टर, कंप्रेशर मशीन और हाइड्रा मशीन को जब्त कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ले रिमांड पर लिया है। अब उससे इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।