भारतीय रेलवे ने अपने अधिकारियों की सुविधाओं में बड़ा विस्तार करते हुए उदयपुर में एक अत्याधुनिक और सुविधायुक्त वीआईपी गेस्ट हाउस उदय किरण की शुरुआत की है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर चल रहे भव्य पुनर्विकास और मास्टर प्लान के निर्माण कार्यों के कारण पुराने रेस्ट हाउस को यहां से स्थानांतरित करना अनिवार्य हो गया था। इसी क्रम में नए गेस्ट हाउस को सुखाड़िया सर्किल स्थित जोनल रेलवे ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट परिसर में शिफ्ट किया गया है। अजमेर मंडल का दायरा काफी बड़ा होने के कारण उदयपुर से लेकर डूंगरपुर तक की आधिकारिक विजिट पर आने वाले रेलवे अफसरों के लिए यह गेस्ट हाउस अब ठहरने का एक प्रमुख और सुविधाजनक केंद्र बनेगा। रेलवे के सीनियर डीसीएम मिहिर देव ने बताया कि यह विश्राम गृह सभी अधिकारियों की विजिट को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि प्रवास के दौरान उन्हें ठहरने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसे बाहर से आकर्षक लुक दिया गया है, जबकि अंदर अधिकारियों की जरूरत के हिसाब से गुणवत्तापूर्ण इंतजाम रखे गए हैं। 24 लग्जरी कमरे और भरपूर हरियाली भी लग्जरी होटल जैसा अहसास, तनावमुक्त माहौल के लिए विशेष इंतजाम सुखाड़िया सर्किल से पंचवटी मार्ग के किनारे बने इस नए रेस्ट हाउस ‘उदय किरण’ को सर्वसुविधायुक्त और आकर्षक बनाया गया है। इसमें अधिकारियों के आरामदायक प्रवास को ध्यान में रखते हुए 24 अत्याधुनिक कमरे तैयार किए गए हैं, जिनमें आधुनिक सुविधाएं और मनोरंजन की व्यवस्था है। मानसिक तनाव दूर करने और फुर्सत के पलों का आनंद लेने के लिए 2 इंडोर गेम्स रूम बनाए गए हैं। परिसर में 2 खूबसूरत और हरे-भरे गार्डन तैयार किए गए हैं, जहां आकर्षक फव्वारे और कलात्मक स्कल्पचर्स स्थापित किए गए हैं, जो इसे बेहद शांत वातावरण देते हैं। यह रेस्ट हाउस सरकारी बैठकों, आधिकारिक प्रवास और विश्राम के लिए उपयोगी साबित होगा। इसकी साज-सज्जा में आधुनिकता के साथ पारंपरिक सौंदर्य का भी समावेश है। ड्यूटी या आधिकारिक दौरे पर आने वाले किसी भी रेलवे अधिकारी को नए गेस्ट हाउस में ठहरने के लिए पहले से ही रेलवे के आधिकारिक प्रवास पोर्टल के जरिए ऑनलाइन बुकिंग करानी होगी। पोर्टल पर कमरों की उपलब्धता के आधार पर ही अधिकारियों को कमरे आवंटित किए जाएंगे। इसके अलावा, प्रवास के दौरान ठहरने और भोजन व्यवस्था के लिए अधिकारियों को रेलवे द्वारा निर्धारित मानक शुल्क का भुगतान करना होगा।