भीलवाड़ा | अंतरराष्ट्रीय जैन संगठन जीतो द्वारा विश्व नवकार महामंत्र दिवस पर गुरुवार को 108 देशों में एक समय में नवकार मंत्र जाप गूंजा। शहर में आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड में एक साथ 50 हजार लोगों ने 45 मिनट तक एक स्वर में नवकार मंत्र जाप किया। हर व्यक्ति ने एक माला फेरी। एक माला में 108 मनके थे। इस हिसाब से एक श्रावक ने 108 बार नवकार महामंत्र का जाप किया। यानी कुल 54 लाख मंत्रों का उच्चारण हुआ। इसमें 5 साल के बच्चों से लेकर 95 साल तक के बुजुर्गों ने सहभागिता निभाई। महामंत्र जाप में मुख्य अतिथि राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े थे। जीतो ने विश्व शांति, सदभावना व सर्व मंगल की कामना से गत साल से हर 9 अप्रैल को विश्व नवकार महामंत्र दिवस घोषित किया। इस मंत्र में कुल 9 पद होते हैं। हर बार सभी पद उच्चारित किए गए। यह अकेला ऐसा मंत्र है, जो जैन धर्म की हर आमना में शाश्वत व सर्वोच्च मान्यता लिए है। व्यक्ति, संत और यहां तक कि किसी एक तीर्थंकर का भी नाम नहीं है। अरिहंत, सिद्व, आचार्य, उपाध्याय व साधु पद प्राप्त जगत की सभी विभूतियों यानी उनको गुणों को नमस्कार किया जाता है।