बांसवाड़ा में साइबर पुलिस ने 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलाए गए ऑपरेशन म्यूल हंटर के तहत ऑनलाइन ठगी और संदिग्ध बैंक खातों के मामले में चार आरोपियों को 30 अप्रैल की रात गिरफ्तार किया। जांच में हर्ष ट्रेडिंग नाम का खाता सामने आया, जिसमें कई राज्यों से पैसे आने की पुष्टि हुई। पुलिस के अनुसार इस खाते में कुल 82 लाख से ज्यादा संदिग्ध लेनदेन मिला है। मामले में देश के अलग-अलग राज्यों से शिकायतें जुड़ी हुई हैं और आगे पूछताछ जारी है। कई राज्यों में दर्ज हैं शिकायतें साइबर थाना प्रभारी हरिओम मीणा ने बताया कि डीजीपी साइबर क्राइम के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया गया। जांच के दौरान हर्ष ट्रेडिंग नाम का खाता सामने आया, जिसमें देश के अलग-अलग राज्यों से कुल 21 शिकायतें दर्ज मिलीं। इन शिकायतों में करीब 16 लाख 40 हजार रुपए की ठगी का पैसा इसी खाते में आने की पुष्टि हुई है। कुल 82 लाख का संदिग्ध लेनदेन मिला जांच के दौरान सामने आया कि जिन मामलों में अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है, उन्हें मिलाकर इस खाते में 65 लाख 70 हजार रुपए का अतिरिक्त संदिग्ध लेनदेन हुआ है। इस तरह कुल मिलाकर खाते में 82 लाख रुपए से ज्यादा का संदिग्ध ट्रांजेक्शन पाया गया है। चार आरोपी गिरफ्तार, अलग-अलग भूमिकाएं पुलिस ने साक्ष्य के आधार पर 30 अप्रैल की रात चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें हर्ष जोशी (22) निवासी मशावटी नागरी, हिमांशु शर्मा (40) निवासी कोतवाली थाने के पास, विकास विजयवर्गीय निवासी वाड़िया कॉलोनी और अनील बाथम (28) निवासी अंबावाड़ी कल्याण कॉलोनी शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि हर्ष जोशी के नाम से खाता खुलवाया गया था, जिसे अन्य आरोपी चला रहे थे। खाते के जरिए ठगी का पैसा किया जाता था ट्रांसफर पुलिस के अनुसार ठगी का पैसा सबसे पहले इसी खाते में मंगवाया जाता था और बाद में अलग-अलग तरीकों से निकाल लिया जाता था। इस खाते में गुजरात के अहमदाबाद, महाराष्ट्र के पुणे और तेलंगाना जैसे राज्यों से पैसे आने की जानकारी मिली है। साइबर थाना पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि इस नेटवर्क के पीछे कोई और व्यक्ति जुड़ा है या नहीं।