राज्य सरकार ने पचपदरा रिफाइनरी-एचपीसीएल राजस्थान रिफइनरी लिमिटेड को टैक्स छूट वाली लिस्ट में शामिल कर लिया है। पचपदरा रिफाइनरी से प्रोसेस होकर निकलने वाले हाई और लाइट स्पीड डीजल, पेट्रोल, एविएशन टर्बाइल फ्यूल पर अब राज्य सरकार का वैट पूरी तरह माफ कर दिया गया है। वित्त विभाग ने इसके लिए दो अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी कर दी है। अगले साल 31 मार्च तक पचपदरा रिफाइनरी के डीजल, पेट्रोल और एटीएफ को पूरी तरह वैट फ्री ​किया है। पचपदरा रिफाइनरी से एचपीसीएल, आईओसीएल और बीपीसीएल को बेचे जाने वाले पेट्रोल,डीजल और एटीएफ पर वैट नहीं लगेगा। राजस्थान में होने वाली बिक्री पर ही यह टैक्स छूट लागू होगी। प्रदेश में अभी पेट्रोल पर 29.04%और डीजल पर 17.30% वैट लगता है। एक अधिसूचना में राजस्थान वैल्यू एडेड टैक्स एक्ट 2003 के शेड्यूल 2 में संशोधन किया है। पहले से जारी टैक्स छूट वाले 24 आइटम्स के आगे रिफाइनरी को 25 वें नंबर पर जोड़ा गया है। एक दूसरी अधिसूचना में रिफाइनरी को टैक्स छूट वाली लिस्ट में शामिल किया है। ​पीएम मोदी ने किया था रिफाइनरी का लोकार्पण पीएम नरेंद्र मोदी ने 5 जुलाई को ही पचपदरा रिफाइनरी का लोकर्पण किया था। पचपदरा रिफाइनरी के लोकार्पण के बाद से पेट्रोल, डीजल, एटीएफ का प्रोडक्शन चालू है। इस रिफाइनरी में बाड़मेर,जैसलमेर के ऑयल फील्ड से आने वाले क्रूड ऑयल के अलावा खाड़ी देशों से आयातित क्रूड भी रिफाइंड हो रहा है। बाड़मेर, जैसलमेर के इलाकों में निजी कंपनी क्रूड उत्पादन में लगी है। पचपदरा रिफाइनरी के शुरू होने के बाद अब इलाके में पेट्रो कैमिकल हब का काम भी आगे बढ़ेगा।