लग्जरी ट्रेन पैलेस ऑन व्हील्स (Palace on Wheels) का 22वां टूर बुधवार को जयपुर के गांधीनगर रेलवे स्टेशन पहुंचा। इस बार ट्रेन में 8 देशों के कुल 22 पर्यटक सवार हैं, जो राजस्थान की ऐतिहासिक धरोहर, संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव लेने पहुंचे हैं। पर्यटकों में जर्मनी से 2, ऑस्ट्रेलिया से 2, अमेरिका से 4, इटली से 1, यूनाइटेड किंगडम से 4, थाईलैंड से 1, स्विट्जरलैंड से 2 और भारत से 6 पर्यटक शामिल हैं। अलग-अलग देशों से आए इन मेहमानों में राजस्थान की संस्कृति और विरासत को करीब से देखने को लेकर खासा उत्साह नजर आया। पारंपरिक अंदाज में हुआ स्वागत जयपुर पहुंचने पर पर्यटकों का पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया गया। गुलाब की मालाएं पहनाकर, तिलक लगाकर और पगड़ी पहनाकर विदेशी मेहमानों का अभिनंदन किया गया। पर्यटकों ने भी राजस्थानी लोक संस्कृति और आतिथ्य का आनंद लिया और तस्वीरें खिंचवाईं। पर्यटकों के स्वागत के लिए स्टेशन पर हाथी को सजाकर लाया गया। हाथी ने टूरिस्ट्स पर फूलों की बारिश करते हुए स्वागत किया। पर्यटकों ने हाथी और लोक कलाकारों के साथ फोटो भी क्लिक करवाए और जमकर डांस भी किया। पैलेस ऑन व्हील्स के डायरेक्टर ऑफ सेल्स भवानी सिंह राव ने बताया कि यह शाही सफर दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ है। 7 रात और 8 दिन की इस यात्रा में पर्यटक राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थलों सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, जैसलमेर, जोधपुर और भरतपुर का भ्रमण करेंगे। इसके अलावा वे आगरा में विश्व प्रसिद्ध ताज महल और आगरा किला भी देखेंगे। जयपुर में आमेर किले का करेंगे दौरा जयपुर प्रवास के दौरान पर्यटक आमेर किला का भ्रमण करेंगे और यहां हाथी की सवारी का भी आनंद लेंगे। इसके अलावा शहर के अन्य ऐतिहासिक स्थलों और बाजारों का भी अनुभव करेंगे। पैलेस ऑन व्हील्स को दुनिया की प्रसिद्ध लग्जरी ट्रेनों में गिना जाता है। ट्रेन में पर्यटकों के लिए शानदार केबिन, लाउंज और दो भव्य रेस्टोरेंट द महाराजा” और द महारानी बनाए गए हैं, जहां भारतीय और अंतरराष्ट्रीय व्यंजन परोसे जाते हैं। इस पैलेस ऑन व्हील्स में 22 कोच हैं। 31 डीलक्स केबिन, 2 सुपर डीलक्स और 1 प्रेसिडेंशियल सुईट शामिल है। इसके अलावा 40-40 लोगों की क्षमता वाले 2 रेस्टोरेंट, 1 स्पा कोच, 2 स्टाफ कार और 2 जनरेटर कार भी हैं। आरटीडीसी के तत्वावधान में संचालित इस ट्रेन को पिछले दो सालों से ओ एंड एम ऑपरेटर भगत सिंह लोहागढ़ की ओर से मैनेज किया जा रहा है।