पाली में शुक्रवार 17वें दिन भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं का कलेक्ट्रेट के बाहर धरना जारी रहा। रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए सभी सूरजपोल तक रैली निकाली। धरने में आज खास बात यह रही कि दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का गेटअप धरकर रैली में शामिल हुई। जिनका जिलाध्यक्ष सुषमा शर्मा व अन्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकों ने तिलक किया और हाथ में मोली भी बांधी। इसके साथ ही उनके सामने अपनी पीड़ा जाहिर की। बोली कि 17 दिन से धरना जारी है। हमें स्थाई करे ताकि धरना समाप्त कर सके। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को जो मानदेय दिया जाता है वह ऊंट के मुंह में जीरे जितना है। इस पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का स्वांग रचकर आई आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी कह दिया कि उनकी मांगें पूरी कर दी जाएगी। बता दे कि स्थाई करने, मानदेय बढ़ाने और सेवानिवृत्ति पर ग्रेच्यूटी देने जैसी अपनी मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका एक जुलाई से धरने पर है। ऐसे में जिले में आंगनबाड़ी केंद्र बंद पड़े हुए है।