पाली में हिस्ट्रीशीटर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के मामले में परिजन बांगड़ हॉस्पिटल के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। परिजनों का आरोप है कि जिस लिवइन पार्टनर युवती के साथ असलम घोसी फ्लैट पर रहता था, उसी ने हत्या की है। पुलिस की समझाइश के बाद दोपहर करीब 3 बजे शव लेकर रवाना हुए। मृतक असलम कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर था। धरने में मृतक के परिजनों के साथ उप महापौर मेहबूब टी, पूर्व सभापति प्रदीप हिंगड़, हकीम भाई, राकेश भाटी सहित बड़ी संख्या में परिजन और समाज के लोग भी शामिल हुए थे। पत्नी बोली- मुझे न्याय चाहिए, मेरे दो छोटे बच्चे है मृतक असलम की पत्नी हीना बानो ने कहा- उन्हें न्याय चाहिए, इसलिए धरने पर बैठी है। मेरे पति के साथ उन्होंने पता नहीं क्या किया। मेरे पति की हत्या करने वालों को गिरफ्तार किया जाए। मेरे 12 साल की बेटी और 7 साल का बेटा है। मुझे न्याय चाहिए। हालांकि प्रशासन और पुलिस की समझाइश के बाद परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया। लिवइन पार्टनर पर हत्या का आरोप दरअसल, पाली शहर के रामदेव रोड राम रहीम कॉलोनी निवासी असलम घोसी(35) पुत्र शफी मोहम्मद की मंगलवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना शहर के केशव नगर(मणि नगर) क्षेत्र स्थित एक फ्लैट की है। असलम पिछले 4-5 साल से एक युवती के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। असलम को फंदे पर लटकता देख युवती उसे टैक्सी से पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंची थी। फिर वहां से चली गई। परिजनों ने युवती और उसके साथियों पर असलम की हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।