पाली में रविवार को बड़ी संख्या में बंजारा समाज के लोग एसपी ऑफिस पहुंचे और दूदिया गांव में बंजारा समाज के एक परिवार पर हमला कर 9 लोगों को घायल करने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने ASP जयसिंह तंवर को ज्ञापन सौंपा। साथ ही आरोपियों के जल्द नहीं पकड़े जाने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी। समाज के लोगों ने बताया कि दूदिया गांव में शनिवार शाम को गांव के कुछ लोग साजिश के तहत ट्रैक्टर-ट्रॉली में लाठी-सरिये और धारदार हथियार लेकर आए और बंजारा परिवार के कुछ लोगों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लोगों को ट्रैक्टर से भी कुचलने का प्रयास किया। हमलें में एक महिला समेत 9 जने घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल शनिवार रात को ही लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। ज्ञापन में बताया कि 30 अप्रैल को दूदिया गांव निवासी बंजारा परिवार में शादी थी। इसको लेकर 29 अप्रैल को बंदौली का कार्यक्रम था। घर के बाहर परिवार के लोग डांस कर रहे थे। इस दौरान रात में कई बार गांव का एक युवक ट्रैक्टर लेकर आने-जाने लगा। टोकने पर युवक झगड़ने लगा और बदला लेने के लिए शनिवार को उन लोगों ने हमला किया, इसमें 9 जने घायल हो गए। ज्ञापन सौंपते समय संत चेतनगिरी महाराज, गोविंद बंजारा, पारस बंजारा, हंसाराम बंजारा, सुरेश कुमार, भगवानराम, महेन्द्र गहलोत, रमेश बंजारा, महेन्द्र तंवर, सोहनलाल, जगमाल, भीमाराम, हजारीलाल, जेठाराम, मंगलाराम, पूनाराम, जगदीश, विनोद, हरीशचंद्र, राजूराम, अमृत बंजारा सहित बड़ी संख्या में बंजारा समाज के लोग और पीड़ित परिवार के लोग मौजूद रहे।