पाली जिले के सोजत उपखंड के पोटलिया गांव के रहने वाले चेतन प्रकाश (सीपी) चौधरी पुत्र श्यामलाल जाट का राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की कॉलेज लाइब्रेरियन भर्ती परीक्षा-2023 में अंतिम चयन हुआ है। उन्होंने पूरे राजस्थान में 80वीं रैंक हासिल की। सीपी चौधरी का इससे पहले पशु परिचर पद पर भी चयन हो चुका है। वर्तमान में वे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कंटालिया में सीनियर लाइब्रेरियन के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने डी. फार्मेसी, बीएड और एम.लिब. सहित कई शैक्षणिक योग्यताएं अर्जित की हैं। इसके साथ ही उन्होंने पुस्तकालय विज्ञान विषय में UGC-NET परीक्षा पांच बार उत्तीर्ण कर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा और निरंतर मेहनत का परिचय दिया है। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय माता-पिता, भाई शिव प्रसाद, प्रधान चौधरी और दोस्त जितेंद्र भाकर को दिया। CA गिरीश मल को पीएचडी की उपाधि पाली के बांगड़ कॉलेज में कार्यरत सहायक आचार्य और चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) गिरीश मल ने उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल की है। खुशाल दास विश्वविद्यालय, हनुमानगढ़ की ओर से उन्हें शोध कार्य सफलतापूर्वक पूरा करने पर पीएचडी की उपाधि दी गई। गिरीश मल ने “सरकारी एवं अर्द्धसरकारी संस्थानों में अंकेक्षण कार्य की प्रभावशीलता का मूल्यांकन : एक अध्ययन” विषय पर अपनी रिसर्च पूरी की। जिसके दौरान उन्होंने सरकारी एवं अर्द्धसरकारी संस्थानों में अंकेक्षण व्यवस्था की प्रभावशीलता, वित्तीय पारदर्शिता, जवाबदेही और वित्तीय अनियमितताओं की पहचान और रोकथाम में अंकेक्षण की भूमिका का गहन विश्लेषण किया। रिसर्च में इस बात पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया कि संस्थानों की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने में अंकेक्षण व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने अपनी रिसर्च, निर्देशक डॉ. सुमन नरोलिया के मार्गदर्शन और निर्देशन में पूरी की।