उत्तर पश्चिम राजस्थान अग्रवाल सम्मेलन की प्रवास यात्रा के तहत प्रदेश अध्यक्ष अग्रवाल ज्ञान ज्योति गुप्ता और प्रदेश महामंत्री हीरालाल मोदी के साथ समाजजनों का आत्मीय संवाद हुआ। अग्रवाल भवन में आयोजित बैठक में संगठन की एकता, बच्चों की शिक्षा, युवाओं व महिलाओं के रोजगार और आत्मनिर्भरता पर चर्चा की गई। गुप्ता ने कहा कि नई पीढ़ी को समाज और संगठन से जोड़ना समय की जरूरत है तथा शिक्षा व सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयास होने चाहिए। उन्होंने वैवाहिक संबंधों में आ रही चुनौतियों पर भी व्यावहारिक समाधान तलाशने पर जोर दिया। मोदी ने अग्रोहा शक्तिपीठ में निर्माणाधीन माता आद्या महालक्ष्मी मंदिर की प्रगति बताते हुए अधिक परिवारों को अग्रोहा से जुड़ने और धाम की यात्रा करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजबंधु शामिल हुए।