बाइक के पीछे कुत्ते दौड़ने लगे तो युवक ने बचने के लिए स्पीड बढ़ा दी। स्पीड बढ़ते ही बाइक बेकाबू हो गई और पोल से टकरा गई। बाइक के परखच्चे उड़ गए और पाट‌्‌र्स टूटकर काफी दूर तक बिखर गए। बाइक पर बैठे लोग उछलकर सड़क पर गिरे और बेहोश हो गए। तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़कर आए और घायलों को संभाला। हादसे में बाइक चला रहे युवक के हाथ-पैर टूट गए, जबकि पीछे बैठे बच्चे के चेहरे पर चोटें आई। पाली शहर में रामदेव रोड पर बालाजी मंदिर के सामने 14 अप्रैल की सुबह करीब 7 बजे हादसा हुआ। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुत्ते बाइक के पीछे दौड़ते नजर आ रहे हैं। पहले देखिए, घटना से जुड़ी ये PHOTOS… अब सिलसिलेवार पढ़िए पूरा घटनाक्रम … 1. कुत्तों से बचने के चक्कर में पोल से टकराई बाइक शहर के रामदेव रोड स्थित रजत नगर निवासी परबत सिंह (18) और 12 साल का भावेश बाइक पर पिंजरापोल गौशाला जा रहे थे। करीब 500 मीटर दूर अचानक 3-4 कुत्ते भौंकते हुए उनके पीछे दौड़ पड़े। कुत्तों से बचने की कोशिश में परबत सिंह ने बाइक की स्पीड बढ़ा दी। स्पीड बढ़ते ही बाइक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। 2. बचाने के लिए दौड़े लोग, सूचना पर पहुंचे परिजन खंभे से बाइक टकराते ही जोरदार आवाज आई और परबत सिंह और भावेश सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने आवाज सुनी तो दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायलों को संभाला। इसके साथ ही घायलों के परिजनों को हादसे की जनकारी दी। पूरी घटना पास के एक मकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। 3. एक को फ्रैक्चर, दूसरे के चेहरे पर चोट सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को इलाज के लिए प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए। हादसे में परबतसिंह के पैर और कंधे में फ्रैक्चर हो गया, जबकि भावेश के चेहरे पर चोटें आईं। हादसे के बाद क्षेत्रवासियों ने नाराजगी जताई। लोगों ने बताया- इलाके में कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। पहले भी कई बाइक सवार गिरकर घायल हो चुके हैं।