पाली में तेज रफ्तार ट्रेलर ने होटल के बाहर खड़े एक टैंकर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि टैंकर सीधे होटल के अंदर घुस गया। उसकी चपेट में आने से होटल में काम करने वाले एक कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि होटल संचालक का 21 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रेफर किया गया। हादसे में होटल के बाहर खड़ी दो कारें, टैंकर और होटल के अंदर रखा फर्नीचर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद ट्रेलर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसा गुरुवार देर रात करीब 1 बजे सदर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-162 पर रामासिया के पास हुआ। तेज टक्कर के बाद टैंकर होटल में घुसा सदर थाना SHO कपुराराम ने बताया कि गुरुवार रात करीब 1 बजे हाईवे पर रूपसिंह की होटल के बाहर एक टैंकर खड़ा था। उसी समय तेज रफ्तार से आ रहा एक ट्रेलर अचानक बेकाबू हो गया और सीधे टैंकर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैंकर होटल के अंदर जा घुसा। उस समय होटल में मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में होटल कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं होटल संचालक का 21 साल का बेटा भी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद जोधपुर रेफर किया गया। टैंकर के नीचे दबने से कर्मचारी की मौत हादसे में टैंकर के चक्के के नीचे आने से होटल कर्मचारी हरि सिंह पुत्र भीम सिंह, निवासी उदयपुरा, देवगढ़ (राजसमंद) और होटल संचालक का 21 साल का बेटा पुष्पेंद्र सिंह पुत्र टीकम सिंह राजपुरोहित, निवासी गायत्री नगर, पाली गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान हरि सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने शव को बांगड़ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। वहीं पुष्पेंद्र सिंह की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रेफर कर दिया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार हादसा इतना भीषण था कि होटल के बाहर खड़ी दो कारें, टैंकर और होटल का फर्नीचर भी क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। चालक की तलाश की जा रही है।