पाली से दिल्ली के लिए सप्ताह के सातों दिन ट्रेन उपलब्ध होगी। यह बड़ी सौगात मिलने के बाद सांसद पीपी चौधरी ने कहा- इलाके की इस डिमांड को लेकर मैं कई बार रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मिला था। यह ट्रेन भुज से दिल्ली वाया पाली चलेगी। खबर से पाली के लोगों में खुशी की लहर है। पाली से दिल्ली जाने के लिए सीधी ट्रेन मिलेगी। यह पाली स्टेशन पर रात 10.48 बजे पहुंचेगी और सुबह तक दिल्ली पहुंचा देगी। यह ट्रेन सातों दिन चलेगी। पाली के साथ ही जालोर जिले के लोगों को भी इसका फायदा मिलेगा। पाली से जयपुर जाने वालों को भी इससे फायदा होगा। यह ट्रेन सुबह 6.15 बजे के करीब जयपुर स्टेशन पहुंचेगी। लोगों का कहना है कि वे जयपुर में पूरे दिन काम-काज निपटा कर शाम की ट्रेन से घर लौट सकते हैं। सांसद बोले-काफी प्रयास किए पाली सांसद एवं एक राष्ट्र, एक चुनाव जेपीसी के अध्यक्ष पीपी चौधरी ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेलमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा- मैं काफी समय से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन के लिए प्रयासरत था। कई बार रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मिला। अब नई ट्रेन के संचालन को मंजूरी दे दी गई है। रेलमंत्री के लेटर के मुताबिक ट्रेन भुज से दिल्ली वाया पाली मारवाड़ चलेगी। पर्यटन और व्यापार बढ़ेगा सांसद चौधरी ने कहा- इस नई ट्रेन से पाली मारवाड़ एवं आसपास के क्षेत्र के यात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। हमारे पर्यटन और व्यापार क्षेत्र में अभूतपूर्व वृद्धि होगी। यह निर्णय क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ऐसा रह सकता है ट्रेन का शेड्यूल ट्रेन भुज से सुबह 11:15 बजे रवाना होगी। जो भीलड़ी, जालोर, लूणी होते हुए पाली रात करीब 10 बजकर 48 मिनट पर पहुंचेगी। आगे जयपुर, रेवाड़ी होते हुए दिल्ली सुबह करीब 11.45 बजे पहुंचाएंगी।