पाली में स्कॉर्पियो सवार बदमाश नाकाबंदी तोड़कर भाग निकले। पुलिस ने बदमाशों का 13 किलोमीटर तक पीछा किया। इस दौरान आगे की पुलिस चौकी को सूचना देकर नाकाबंदी करवाई तो बदमाशों ने स्कॉर्पियो को बाजार में मोड़ दिया, जहां पुलिस ने उनको घेर लिया। पुलिस ने स्कॉर्पियो में बैठे बदमाशों से बाहर आने के लिए कहा तो बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिसवालों ने स्कॉर्पियो के शीशे और बोनट पर लाठियां बरसा दी। इतने में गाड़ी में बैठे एक बदमाश ने पुलिसकर्मी पर पिस्टल तान दी और भाग निकला। पुलिस ने स्कॉर्पियो चला रहे 1 बदमाश को पकड़ लिया। इस दौरान बाजार में मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। मामला बाली थाना क्षेत्र के सेवाड़ी गांव में सोमवार शाम करीब 4.30 बजे का है। पहले देखें घटना के PHOTOS थाने के आगे नाकाबंदी तोड़कर भागे थे बदमाश बाली एएसपी चैनसिंह महेचा ने बताया- सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध सफेद स्कॉर्पियो फालना से बाली की तरफ आ रही है। इस पर पुलिस ने बाली थाने के आगे नाकाबंदी की। इस दौरान एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आई। ड्राइवर ने पुलिस की नाकाबंदी देखी तो यू-टर्न ले लिया और सेवाड़ी की तरफ भगा ले गया। ASP ने बताया- ASI गणपत सिंह और उनकी टीम ने स्कॉर्पियो का पीछा करते हुए सेवाड़ी पुलिस चौकी प्रभारी को सूचना देकर रास्ते में नाकाबंदी करवाई। बाली पुलिस ने करीब 13 किमी तक बदमाशों का पीछा किया। सेवाड़ी गांव में नाकाबंदी देख बदमाश गांव के बाजार में घुस गए। बदमाश ने पुलिसकर्मी पर तानी पिस्तौल बाजार में पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया और बदमाशों से बाहर आने के लिए कहा तो बदमाशों ने पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। इस पर पुलिसवालों ने स्कॉर्पियो के शीशे और बोनट पर लाठियां बरसा दी। अपने आपको घिरा देखकर एक बदमाश ने पुलिसकर्मी पर पिस्टल तान दी और बाजार की गलियों में भाग गया। बाली सीआई परबतसिंह ने बताया- गाड़ी चला रहे बदमाश घमंडाराम (24) निवासी गंगासरा (बाड़मेर) को पकड़ लिया। गाड़ी की तलाशी लेने पर 1 पिस्टल और 2 कारतूस बरामद हुए। दूसरे बदमाश की गिरफ्तारी के लिए आस-पास के इलाकों में नाकाबंदी कराई, लेकिन पकड़ में नहीं आया।