पाली के आरटीओ ऑफिस को बुधवार दोपहर ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल दोपहर करीब 12:30 बजे कार्यालय की आधिकारिक मेल आईडी पर आया, जिसमें दोपहर 1 से 3 बजे के बीच विस्फोट करने की बात लिखी गई थी। ईमेल मिलते ही पूरे कार्यालय को खाली करा दिया गया। अधिकारी, कर्मचारी और काम से आए लोग तुरंत बाहर निकल गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। ईमेल मिलते ही खाली कराया गया ऑफिस पाली शहर के जोधपुर रोड स्थित आरटीओ ऑफिस में बुधवार को रोज की तरह कामकाज चल रहा था। इसी दौरान करीब साढ़े 12 बजे कार्यालय की मेल आईडी पर धमकी भरा ईमेल आया। ईमेल में दोपहर 1 से 3 बजे के बीच आरटीओ ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके बाद कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। आरटीओ ओमप्रकाश बैरवा समेत पूरा स्टाफ और काम से आए लोग तुरंत ऑफिस से बाहर निकल गए। पुलिस मौके पर पहुंची, जांच जारी घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ईमेल की जांच के साथ ही धमकी भेजने वाले का पता लगाने में जुटी है। पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां ईमेल के जरिए सरकारी दफ्तरों को बम से उड़ाने की धमकी देने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले पाली के मुख्य डाकघर को तीन बार ईमेल भेजकर बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है। वहीं, कलेक्ट्रेट को भी इसी तरह धमकी मिलने का मामला सामने आ चुका है।