पाली जिले में अलग-अलग जगहों पर सांप के काटने की तीन घटनाएं सामने आई हैं। इनमें एक महिला को घर के दरवाजे पर, एक युवक को सोलर फिटिंग के दौरान और दूसरे युवक को वॉक करते समय सांप ने डस लिया। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घर के दरवाजे पर बैठा था सांप, महिला को काटा जानकारी के अनुसार देसूरी क्षेत्र की रहने वाली डाली देवी (65) पत्नी प्रेमाराम देवासी घर के चौक से कमरे में जा रही थीं। इसी दौरान दरवाजे के पास बैठे सांप ने उन्हें काट लिया। परिजन उन्हें पहले देसूरी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पाली के बांगड़ अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां उनका इलाज जारी है। सोलर फिटिंग करते समय युवक को डसा, सांप को भी साथ ले आया पाली शहर के मानपुरा भाकरी निवासी आदित्य जोशी (22) को सोलर फिटिंग का काम करते समय सांप ने काट लिया। खास बात यह रही कि आदित्य सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद कर अपने साथ अस्पताल लेकर पहुंचा। फिलहाल उसका बांगड़ हॉस्पिटल के ओल्ड आईसीयू में इलाज चल रहा है। वॉक के दौरान तीसरे युवक को भी सांप ने काटा पाली शहर की राईको की ढाणी निवासी देवेंद्र पुत्र गोपाराम वॉक कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें भी सांप ने काट लिया। उन्हें भी इलाज के लिए बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। फिलहाल तीनों मरीजों का अस्पताल में उपचार जारी है।