पाली शहर के नया गांव रोड स्थित रेम्बो स्कूल में महिला सुरक्षा सहयोगी समिति की ओर से 'रिश्तों की रैंपवॉक' कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य परिवारों में प्रेम, विश्वास, सम्मान और आपसी सामंजस्य को बढ़ावा देना था। इसमें 80 से ज्यादा जोड़ियों ने हिस्सा लिया। सास-बहू, मां-बेटी, ननद-भाभी और देवरानी-जेठानी की जोड़ियां एक साथ रैंप पर उतरीं और अपने रिश्तों की बॉन्डिंग दिखाई। सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिए गए, जबकि हर श्रेणी में पहले स्थान पर रहने वाली जोड़ियों को सम्मानित किया गया। अलग-अलग रिश्तों की जोड़ियां रैंप पर उतरीं कार्यक्रम में सास-बहू, मां-बेटी, ननद-भाभी और देवरानी-जेठानी की जोड़ियों ने एक साथ रैंप वॉक की। इस दौरान उन्होंने परिवारों में प्रेम, विश्वास, सम्मान और आपसी सामंजस्य का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील के. पंवार रहे। विशिष्ट अतिथियों में मगराज जैन (बीसीएम), राजकुमार मेड़तिया, राजेंद्र आर्य, योगेंद्र आर्य, बांगड़ कॉलेज की प्राचार्य विनिता कोका, विजेंद्र वैष्णव और राजकुमार सांवेलचा मौजूद रहे। महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रयास समिति के संस्थापक कुलदीप पंवार और सचिव अचला शर्मा ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं था। इसका उद्देश्य महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाना, पारिवारिक रिश्तों को मजबूत करना और सामाजिक समरसता का संदेश देना भी था। इस मौके पर समिति की ओर से कालिका पेट्रोलिंग पुलिस टीम को रेनकोट भी वितरित किए गए। इन लोगों ने निभाई निर्णायक की भूमिका कार्यक्रम में मनीषा आर्य, आशा मूंदड़ा, मोनिका आर्य और कमला शर्मा ने जूरी सदस्य के रूप में निर्णायक की भूमिका निभाई। वहीं जितेंद्र आडवाणी, हंसा डागर, राजवर्धन वैष्णव, रेखा श्रीमाली, रेणु कंवर, सीमा अग्रवाल, प्रकाश कुमावत सहित कई लोग मौजूद रहे।