पलवल जिले की एक युवती ने राजस्थान के एक युवक पर शादी का झांसा देकर रेप करने और बाद में दहेज मांगने का आरोप लगाया है। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी युवक और उसकी मां के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला थाना प्रभारी सीमा के अनुसार, पीड़ित युवती ने अपनी शिकायत में बताया कि अलवर (राजस्थान) निवासी भारत नामक युवक ने उसे प्रेम जाल में फंसाया। आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी उसे अपना हाथ काटने या फांसी लगाकर जान देने की धमकी देता था। लड़के की मां ने शादी के लिए रखी शर्त जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी भारत और उसकी मां सीमा ने एक शर्त रखी। उन्होंने कहा कि शादी तभी होगी जब पीड़िता की 14 वर्षीय छोटी बहन की शादी भारत के भाई से कराई जाए। इसके अतिरिक्त, आरोपियों ने दहेज में बुलेट बाइक, 2 लाख रुपए का फर्नीचर और 30 हजार रुपए नकद की मांग की। पीड़िता ने बताया कि वह एक गरीब परिवार से है और उसके पिता का देहांत हो चुका है। उसकी लाचारी का फायदा उठाकर आरोपी ने दूसरी लड़की से रिश्ता तय कर लिया है और गोद भराई की रस्म भी पूरी कर दी है। पीड़िता का यह भी आरोप है कि भारत की मां सीमा उसे फोन पर गंदी गालियां देती है और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रही है। पुलिस ने आरोपी मां-बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।