आगामी पंचायती राज संस्थाओं के सरपंच एवं वार्ड पंच के आम चुनाव के लिए वर्गवार आरक्षण एवं लॉटरी प्रक्रिया 24 सितंबर को उपखण्ड स्तर पर आयोजित की जाएगी। जिला कलक्टर के निर्देशानुसार संबंधित उपखण्ड अधिकारियों द्वारा निर्धारित स्थानों पर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में लॉटरी प्रक्रिया करवाई जाएगी। जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने बताया कि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के निर्देशानुसार जिले की विभिन्न पंचायत समितियों के लिए संबंधित उपखण्ड अधिकारियों को लॉटरी प्रक्रिया के लिए नियुक्त किया गया है। लॉटरी प्रक्रिया संबंधित उपखण्ड स्तर पर 24 सितंबर को सुबह 11 बजे से शुरू होगी। लॉटरी के माध्यम से सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए वर्गवार आरक्षण निर्धारित किया जाएगा। यहां होंगी लॉटरी प्रक्रिया उन्होंने बताया कि पंचायत समिति दौसा के लिए उपखण्ड अधिकारी दौसा, बांदीकुई के लिए उपखण्ड अधिकारी बांदीकुई, महवा एवं मनोहरपुर खेड़ला के लिए उपखण्ड अधिकारी महवा, लालसोट एवं शिवसिंहपुरा के लिए उपखण्ड अधिकारी लालसोट, सिकराय एवं सिकंदरा के लिए उपखण्ड अधिकारी सिकराय, लवाण के लिए उपखण्ड अधिकारी लवाण, नांगल राजावतान के लिए उपखण्ड अधिकारी नांगल राजावतान, रामगढ़ पचवारा के लिए उपखण्ड अधिकारी रामगढ़ पचवारा, मण्डावर एवं बैजूपाड़ा के लिए उपखण्ड अधिकारी मण्डावर और बसवा के लिए उपखण्ड अधिकारी बसवा द्वारा वर्गवार आरक्षण एवं लॉटरी प्रक्रिया संपादित की जाएगी। जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि लॉटरी प्रक्रिया से पूर्व क्षेत्र के विधानसभा सदस्यों तथा ब्लॉक स्तर पर मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को इसकी सूचना उपलब्ध करवाते हुए उनकी उपस्थिति में पारदर्शी तरीके से नियमानुसार वर्गवार आरक्षण एवं लॉटरी प्रक्रिया सम्पन्न करवाई जाए।