महिला अधिकारिता विभाग, बूंदी द्वारा आयोजित पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान जागरूकता सप्ताह का समापन हो गया है। सहायक निदेशक भैरू प्रकाश नागर के निर्देशन में इस सप्ताह के तहत विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। सप्ताह का पहला कार्यक्रम राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, विकास नगर, बूंदी में हुआ। पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की केंद्र प्रबंधक पूर्णिमा गौतम और सामाजिक परामर्शदाता अक्षिता मिश्रण ने बालिकाओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान लाडो योजना के बारे में विस्तार से बताया गया और संबंधित ब्रॉशर भी वितरित किए गए। दूसरा कार्यक्रम आंगनवाड़ी केंद्र, बम्बोरी में जाजम बैठक के रूप में आयोजित किया गया। विभाग की पर्यवेक्षक प्रमिला, सूचना सहायक राशि श्रृंगी और पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की सामाजिक काउंसलर सलोनी शर्मा ने महिलाओं को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के संबंध में जागरूक किया। साथ ही, विभाग द्वारा संचालित अन्य योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में जागरूकता बढ़ाना और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना था। महिला अधिकारिता विभाग समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित कर रहा है।