टोंक| चेताल्य दिगंबर जैन चेतालय, सेठ नाथूराम जी, महावीर चौक पुरानी टोंक में आयोजित दो दिवसीय वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत रविवार को भगवान चेताल्य को भक्ति भाव के साथ नवीन स्वर्ण जड़ित वेदियों में विधि-विधानपूर्वक विराजमान किया गया। इस दौरान महावीर चौक भगवान के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। प्रवक्ता राजेश अरिहंत ने बताया कि सुबह श्रद्धालु क्षीरसागर से जल लाए और भगवान चेताल्य का अभिषेक, वृहद शांति धारा व नित्य नियम पूजा की। अर्ध्य व श्रीफल अर्पित करने के बाद पंडित सुरेश शास्त्री के सानिध्य में आचार्य निमंत्रण, मंडल रचना एवं पांच मंगल कलश स्थापना के साथ याग मंडल विधान की पूजा संपन्न हुई। पूजा में इंद्र-इंद्राणियों के रूप में शामिल श्रद्धालुओं राजेंद्र , निर्मला, रमेश, मंजू, प्रदीप, रेखा, विनोद, हेमा, अनिल, निशा, दिनेश, स्नेहा, मनोज, पिंकी, पवन, रीना सहित अन्य ने 148 अर्ध्य व श्रीफल अर्पित कर भक्ति भाव से सहभागिता निभाई। दुर्गा भारती ग्रुप की मधुर स्वर लहरियों के बीच इंद्र-इंद्राणियों ने भक्ति नृत्य भी प्रस्तुत किए। विश्व शांति महायज्ञ में श्रद्धालुओं ने घी, चंदन, धूप, नारियल से आहुतियां दी।