बांसवाड़ा में युवक को हाथी ने सूंड से उठाकर पटक दिया। इसके बाद पैर से कुचल दिया। जिससे उसकी पसलियां टूट गईं। गंभीर हालत में युवक को उदयपुर रेफर किया गया है। परिजनों का आरोप है कि हाथी वाले बाबा ने 500 रुपए मांगे, नहीं देने पर हाथी से हमला करवा दिया। वहीं पुलिस का कहना है कि पैसों के लिए युवक पर हाथी से हमला करवाने की बात गलत है। युवक बार-बार हाथी की सूंड के पास जा रहा था। जिससे हाथी ने गुस्से में आकर युवक पर हमला कर दिया। मामला पाटन थाना क्षेत्र का गुरुवार शाम करीब 7 बजे का है। युवक को गंभीर हालत में बांसवाड़ा से उदयपुर रेफर किया गया है। ​₹20 देने के बाद मांगे ₹500, मना करने पर बाबा भड़के घायल के भांजे कालू ने बताया- मामा प्रभु (50) पुत्र हकरिया, निवासी पणदा शाम को घर से गेहूं पिसवाने के लिए छोटी सरवा गए थे। वहां से लौटते समय रास्ते में उनको हाथी वाले साधु बाबा मिले। कालू ने कहा- मामा ने बाबा को 20 रुपए दिए। बाबा ने पैसे रख लिए। इसके बाद मामा से 500 रुपए और मांगने लगे। मामा ने पैसे देने से मना किया तो बात झगड़ने लगे। आरोप है कि हाथी पर बैठे बाबा ने हाथी को इशारा किया। हाथी ने अपनी सूंड से प्रभु को जमीन पर पटक दिया। इसके बाद हाथी ने उनके सीने पर पैर रख दिया, जिससे उनकी पसलियां टूट गईं। डॉक्टर बोले- कई पसलियां टूटीं, फेफड़ों में जम रहा खून घटना के बाद बाबा हाथी के साथ मौके से भाग गया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल प्रभु को तुरंत कुशलगढ़ हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर शुक्रवार शाम उसे जिला हॉस्पिटल लाया गया। देर रात डॉक्टरों ने उदयपुर रेफर कर दिया। एमजी हॉस्पिटल के उपनियंत्रक डॉ. दामोदर गोयल ने बताया कि युवक की दोनों तरफ की कई पसलियां टूट गई थीं। फेफड़ों में खून जमा होने लगा था, जिससे उसे सांस लेने और ऑक्सीजन मिलने में दिक्कत हो रही थी। युवक गंभीर हालत में कुशलगढ़ से रेफर होकर आया था। पुलिस बोली- पैसों के लिए हमला करवाने की पुष्टि नहीं पाटन थानाधिकारी मोहम्मद रिजवान ने बताया कि युवक रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान हाथी ने गुस्से में उसे पटक दिया। सूचना पर पुलिस ने हाथी वाले बाबा से पूछताछ की, लेकिन अब तक पैसों के लिए युवक पर हाथी से हमला करवाने की बात सामने नहीं आई है। उन्होंने बताया- बाबा के साथ करीब 13-14 लोग भी थे। पुलिस सभी को रात में थाने लेकर आई थी। शुक्रवार सुबह पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। थानाधिकारी ने बताया कि शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि युवक बार-बार हाथी की सूंड के पास जा रहा था। पीड़ित की शिकायत ले ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।