भास्कर संवाददाता | चूरू डीबी अस्पताल के मरीजों के लिए राहत की खबर है। जल्द ही अस्पताल के लगभग प्रत्येक वार्ड में मौजूदा कूलर के अलावा दो-दो नए कूलर लगाए जाएंगे। अस्पताल प्रशासन ने भीषण गर्मी व हीटवेव को देखते हुए ये निर्णय लिया है। इसके लिए संबंधित फर्म को ऑर्डर दे दिया है। इसके अलावा 4 वाटर कूलर लगाए जाएंगे। इस संबंध में शनिवार को डीबीएच अधीक्षक ने वार्ड इंचार्ज के साथ मीटिंग लेकर गर्मी को देखते हुए प्रत्येक वार्ड में कूलर एवं वाटर कूलर सहित अन्य डिमांड के बारे में प्रस्ताव मांगे गए। बतादें कि अस्पताल के 10 से ज्यादा वार्डों में 125 कूलर, 7 वाटर कूलर पहले से लगे हुए हैं, पर अभी तक वार्डों में कूलर चालू नहीं किए गए। गर्मी को देखते हुए वार्ड इंचार्ज को अगले तीन दिन में कूलर वार्डों में लगाकर शुरू करने के लिए कहा है। अस्पताल में मुख्य रूप में मेल, फिमेल, सर्जिकल, ट्रोमा, गायनिक सहित कुल 10 से ज्यादा वार्ड है, जहां मरीज भर्ती हैं। डीबीएच के ट्रोमा के सामने बने ऑर्थोपेडिक आेपीडी एवं वार्डों में ठंडे पानी के कोई इंतजाम नहीं है। इसी प्रकार ट्रोमा के ऊपर फेब्रिक वार्ड में गर्मी में पीने के पानी नहीं है। अस्पताल प्रशासन ने ऑर्थो ओपीडी एवं इन वार्डों में दो-दो कूलर लगाएगा। ये कूलर 7-8 दिनों में लगा दिए जाएंगे। इसके अलावा 40 से 50 फर्राटे वाले पंखे भी खरीदे जा रहे हँ, जो बेड की जरूरत के हिसाब लगाए जा सकते है। ^भीषण गर्मी को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने वार्ड इंचार्ज के साथ मीटिंग के मौजूदा कूलर लगाने के लिए तीन दिन का समय दिया है। प्रत्येक वार्ड में दो से तीन कूलर नए लगाए जाएंगे। ऑर्थो एवं फेब्रिक वार्ड में दो-दो वाटर कूलर लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा 50 फर्राटे वाले पंखे भी खरीदे जा रहे हैं, जिन्हें जरूरत के अनुसार वार्डों में लगाए जाएंगे। सेंट्रल लैब, डीडीसी एवं आर्थो ओटी में 2-2 एसी अगले तीन में लगाए दिए जाएंगे। -डॉ. दीपक चौधरी, अधीक्षक, डीबीएच चूरू अस्पताल प्रशासन ने सेंट्रल लैब, डीसीसी (दवा भंडार केंद्र) व ऑर्थो ओटी में दो-दो एसी लगाने का काम शुरू कर दिया। कुल 8 एसी मंगाए गए हैं। दो एसी अन्य जरूरत वाली जगह लगाए जाएंगे। अभी एसी की सुविधा एमआईसीयू, पीआईसीयू, एनआईसीयू, एसएनसीयू, सभी ओटी, सभी लैब एवं प्री फेब वार्ड में लगे हुए है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार जिन वार्डों में एसी की जरूरत समझी जाएगी, तो कमेटी की रिपोर्ट पर वहां लगाए जा सकते हैं।