उदयपुर के पाटिया थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले युवक की हत्या के मामले में बुधवार शाम को पोस्टमॉर्टम कराने के बाद भी मृतक के शव का अंतिम संस्कार नहीं किया गया। खेरवाड़ा सरकारी हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन मृतक के शव को घटना स्थल खेड़घाटी बलीचा लेकर पहुंचे थे। परिजन और समाज के लोग देर रात तक करीब 10 बजे शव को लेकर यहीं बैठे रहे। परिजन इस बात पर अड़े र​हे कि जब तक आरोपियों के परिवार के लोग घर छोड़कर नहीं जाएंगे और आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे। वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। कई घंटों तक थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह राव समझाइश में जुटे रहे। समझाइश करते रात का एक वीडियो सामने आया है जिसमें पुलिस अधिकारी परिजनों को चेतावनी देकर ये बोलते दिख रहे हैं कि ये लाश अगर यहां से नहीं लेकर गए तो मृत सम्मान अधिनियम के तहत पुलिस प्रशासन इसे जलाएगी। इसके कुछ देर बाद परिजन शव लेकर चले गए। आज हो सकता है अंतिम संस्कार आज गुरुवार को शव के अंतिम संस्कार को लेकर पुलिस परिजनों से फिर से समझाइश कर सकती है। पुलिस ने 4 आरोपियों को डिटेन ​कर लिया है, जिनकी ​जल्द गिरफ्तारी होगी। हालांकि मामला अभी दूसरी मांग पर अटका हुआ है जिसमें मृतक के परिजन आरोपियों के परिवार को गांव से बाहर भेजने की मांग कर रहे हैं। गांव के प्रमुख लोगों ने आरोपियों के परिजनों से इस संबंध में बात भी की लेकिन सहमति नहीं बन पाई। चचेरे भाई की शादी फंक्शन से घर लौट रहा था युवक नीलेश अपने चचेरे भाई की शादी समारोह में शामिल होकर स्कूटी से घर लौट रहा था। तभी बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया था। नीलेश गरासिया (35) पिता लालजी कई साल से अहमदाबाद में बिल्डिंग ठेकेदारी का काम करता था। नीलेश कुछ दिन पहले ही गांव आया था। उसकी मौत के बाद 31 मार्च को परिजन और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी होने पर ही पोस्टमॉर्टम कराने की मांग पर अड़े थे। दिनभर डीएसपी राजीव राहर ने परिजनों से समझाइश की थी, लेकिन वे नहीं माने। 3 बार बातचीत भी हुई, लेकिन बात नहीं बनी। हमले से पहले शादी समारोह में भी मौजूद थे हमलावर मृतक के चचेरे भाई नरेश गरासिया ने बताया कि नीलेश पर अनिल, विपिन, जयदीप, बद्री, हितेश और अन्य ने मिलकर हमला किया। इनमें आधे से ज्यादा आरोपी शादी समारोह में पहले मौजूद थे। वे हमारे बाहर निकलने का इंतजार कर रहे थे। जबकि कुछ युवक पहले से ही रोड पर खड़े थे। जैसे ही मैं और नीलेश शादी समारोह से बाहर निकले, आरोपी भी बाइक लेकर पीछे आ गए। रास्ते में अचानक स्कूटी रुकवाकर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। एक युवक के हाथ में तलवार थी, जिससे उसने नीलेश के हाथ पर हमला किया। मैं परिजनों को बुलाने दौड़ा। कुछ मिनट बाद लोगों के साथ वहां पहुंचा तो नीलेश पूरी तरह से लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था। उसके मुंह, गले और हाथ पर धारदार हथियार से वार किए गए थे। जानकारी के अनुसार- नीलेश और आरोपियों के बीच लंबे समय से रंजिश थी। प्रत्यक्षदर्शी नरेश से पुलिस जानकारी लेकर आरोपियों की तलाश कर रही है। इनपुट: सतवीर सिंह चौहान, पहाड़ा --- इस मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें शादी से घर लौट रहे युवक का तलवार से मर्डर:पुरानी रंजिश में गांव के युवकों ने किया हमला; 3 थानों की पुलिस तैनात उदयपुर में 6 से ज्यादा बदमाशों ने तलवार से ताबड़तोड़ वार कर युवक की हत्या कर दी। युवक चचेरे भाई की शादी के फंक्शन में शामिल होकर स्कूटी से घर लौट रहा था। तभी बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। घटना पाटिया थाना क्षेत्र के खेड़ाघाटी, बलीचा में सोमवार रात करीब 2 बजे की है। पुलिस ने शव को खेरवाड़ा हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। (पूरी खबर पढ़ें)