बीकानेर में पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की मौत और अव्यवस्थाओं के विरोध में कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट में घुसने का प्रयास किया और बैरिकेड्स पर चढ़ गए। मौजूद भारी पुलिस जाब्ते ने उन्हें रोका। इस दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। स्थिति पर काबू बनाए रखने के लिए भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा। कलेक्टर से मिलने गए प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली शामिल नहीं हुए। प्रतिनिधिमंडल में बिशनाराम सियाग, डॉ. बी.डी. कल्ला, भंवर सिंह भाटी और मदन गोपाल मेघवाल शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर निशांत जैन से मुलाकात की। दस सूत्री मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा, जिस पर कलेक्टर ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। हालांकि कांग्रेसी प्रतिनिधि मंडल का कहना है कि दस दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन करेंगे। ‘शिक्षा मंत्री के पोते प्राइवेट स्कूल में पढ़ रहे’ हालांकि इससे पहले नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- जहां लोग जान बचाने जाते हैं, वहां से अर्थी निकलती है। बच्चे स्कूल जाते हैं, बिल्डिंग गिर जाती है। यमुना समझौते में केवल चार महीने पानी मिलेगा। हरियाणा का कोटा पूरा होने के बाद राजस्थान को पानी मिलेगा। इसमें 33 हजार करोड़ रुपए लगेंगे। डोटासरा ने कहा- शिक्षा मंत्री ने कहा है कि जो सरकारी टीचर अपने बच्चों को सरकारी स्कूल में नहीं पढ़ा रहा है, वो निकम्मा है। मैं कहता हूं जो शिक्षा मंत्री अपने पोते को प्राइवेट इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ा रहा है, वो महा निकम्मा है। उन्होंने कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा पर एसीबी की ओर से कार्रवाई नहीं करने पर भी सवाल उठाया। डोटासरा ने कहा- कृषि मंत्री को साफ करना चाहिए कि उनके साथ हर वक्त रहने वाला व्यक्ति 2 करोड़ 43 लाख रुपए के साथ पकड़ा जाता है तो इसका कारण क्या है? मेघवाल के संबोधन में नारेबाजी, डोटासरा ने किया चुप रहने का इशारा
सभा के दौरान पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल के संबोधन के समय रामेश्वर डूडी समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। मंच पर मौजूद डोटासरा ने कार्यकर्ताओं को शांत रहने का इशारा भी किया, लेकिन पूरे संबोधन के दौरान 'डूडी अमर रहें' के नारे गूंजते रहे। पूर्व मंत्री बोले- ब्लैकलिस्टेड कंपनियों से दवाइयां खरीदी पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने कहा - ब्लैकलिस्टेड कंपनियों से दवाइयां खरीदी गईं। लापरवाही के कारण दो महिलाओं की मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि आईसीयू के लिए 17 करोड़ रुपए खर्च कर 1500 मल्टीपैरा मॉनिटर खरीदे गए। बाजार में 77 हजार रुपए कीमत वाले मॉनिटर एक-एक लाख रुपए में खरीदे गए। इसके बावजूद हालात नहीं सुधरे। कलेक्ट्रेट परिसर बना छावनी, पुलिस फोर्स रही तैनात
प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल, आरएसी और स्पेशल पुलिस फोर्स तैनात रही। बैरिकेडिंग के साथ वाटर कैनन और आंसू गैस छोड़ने वाली मशीन भी लगाई गई थी। प्रदर्शन में डोटासरा, टीकाराम जूली, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. बी.डी. कल्ला समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। देखिए… प्रदर्शन से जुड़ी PHOTOS दो प्रसूताओं की मौत, एक वेंटिलेटर पर पीबीएम अस्पताल में अब तक दो प्रसूताओं की मौत हो चुकी है। प्रीति और शारदा नायक की मौत के बाद कांग्रेस लगातार सरकार और अस्पताल प्रशासन को घेर रही है। वहीं एक अन्य प्रसूता कमला की हालत गंभीर होने पर उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। इमरती नाम की एक अन्य प्रसूता अब भी अस्पताल में भर्ती है, जबकि तीन प्रसूताओं को पहले ही अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। --- संबंधित ये खबरें भी पढ़ें … बाजार से मंगवाकर लगाए ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन:प्रसूताओं की किडनी फेल होती रही, हॉस्पिटल प्रशासन ने नहीं दिया ध्यान, 7 दिन बाद बनाई कमेटी मंत्री बोले-गर्भवती महिलाएं नाचते हुए आई थी या बीमार होकर:प्रदर्शन करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा; महिलाओं से धक्का-मुक्की प्रसूताओं की किडनी फेल मामले में डॉक्टर्स को क्लीन चिट!:जांच टीम ने इलाज में लापरवाही नहीं मानी; ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन का रिकॉर्ड लिया