डीडवाना-कुचामन में एसपी ऋचा तोमर के निर्देश पर पीलवा थाना द्वारा ग्राम पंचायत रीड़ और पीलवा में पुलिस जन सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षित समाज की दिशा में पहल करना था। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं, सुझाव आमंत्रित किए और क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम के लिए जनसहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। महिला सुरक्षा समेत कई नियमों की दी जानकारी इस अवसर पर महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, नवीन आपराधिक कानूनों की जानकारी, यातायात नियमों का पालन, साइबर अपराध से बचाव और नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उपस्थित लोगों से इन नियमों का दैनिक जीवन में पालन करने की अपील की गई। राजकॉप सिटीजन ऐप से जुड़ी जानकारी दी इसके अलावा राजकॉप सिटीजन ऐप के बारे में बताया गया और मौके पर ही लोगों को यह ऐप डाउनलोड करवाया गया, ताकि वे पुलिस सेवाओं का आसानी से लाभ उठा सकें। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।